मुंगेर के कई मतदान केंद्रों पर नहीं पड़ा अब तक एक भी वोट
मुंगेर संसदीय क्षेत्र के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के बंगलवा, महगांवा, सखोल, गोरैया, आजुगंज, जेठकुटिया गांव में करीब एक दर्जन ऐसे मतदान केंद्र हैं, जहां अब तक एक भी वोट नहीं डाला जा सका है।
मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए तैनात क्षेत्रीय दंडाधिकारी (सेक्टर मजिस्ट्रेट) नरसिंह लाल देव ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि नक्सलियों ने इन क्षेत्रों में चुनाव बहिष्कार का पर्चा चिपकाया था। जिस कारण मतदाता घर से निकलकर मतदान केंद्रों तक नहीं आए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से मतदान करने का आग्रह भी किया गया परंतु वे नहीं आए।
मुंगेर के जिलाधिकारी लोकेश कुमार सिंह का कहना है कि अभी तक जो जानकारी उनके पास है उसके अनुसार चार मतदान केंद्र ऐसे हैं जहां अब तक एक भी वोट नहीं डाला गया है। उन्होंने बताया कि मतदान नहीं करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के जमालपुर विधानसभा एवं बांका लोकसभा क्षेत्र के बेलथर और कटोरिया विधानसभा क्षेत्र में तीन बजे तक ही मतदान होना है। तीसरे चरण में बिहार के 11 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications