प्रभाकरन को जिंदा या मुर्दा पकड़ने पर ही जंग खत्म होगी: श्रीलंका (लीड-1)
देश के रक्षा सचिव गोटाभाया राजपक्षे ने ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड मिलीबैंड के साथ बातचीत के दौरान स्पष्ट कहा कि जब तक प्रभाकरन को जिंदा या मुर्दा पकड़ नहीं लिया जाता और लिट्टे की चुनौती खत्म नहीं हो जाती, सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। 'द आईलैंड' अखबार ने गोटाभाया को यह कहते हुए उद्धृत किया है कि श्रीलंका इस संगठन के खिलाफ निर्णायक जीत चाहता है। मिलीबैंड बुधवार को श्रीलंका की एक दिवसीय यात्रा पर थे। गोटाभाया ने फ्रांसीसी विदेश मंत्री बर्नार्ड काउचनर से भी अलग से मुलकात की।
गोटाभाया ने मिलीबैंड को बताया को लिट्टे के खिलाफ लड़ाई को अंजाम पर पहुंचाने का यह सबसे उपयुक्त मौका है। श्रीलंका इस मौके को हाथ से निकलने देना नहीं चाहता।
उन्होंने कहा, श्रीलंका इस चुनौती को खत्म करने के लिए काफी कुर्बानी दे चुका है। देश के हजारों नागरिकों को जान से हाथ देना पड़ा और सेना को भी बड़ी कुर्बानी देनी पड़ी है। अब इस मुकाम पर पहुंचने के बाद हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक लिट्टे को अंतिम तौर पर परास्त नहीं कर दिया जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*