अगली सरकार का नेतृत्व भाजपा या कांग्रेस करेगी : आडवाणी (लीड-1)
आडवाणी ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, "यदि कम्युनिस्ट पार्टियां यह सोचती हैं कि तीसरा मोर्चा सत्ता में आएगा तो वह गलत हैं। यदि सरकार बनेगी तो वह भाजपा या फिर कांग्रेस के नेतृत्व में बनेगी।" क्षेत्र में चौथे चरण में सात मई को मतदान होगा।
भारतीय सीमा के नजदीक पाकिस्तान के पूर्वी इलाके में तालिबान के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार देश में आतंकवाद पर लगाम कसने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा, "देश की सीमा से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर तालिबान की मौजूदगी है लेकिन यह सरकार आतंकवाद से लड़ने में बिल्कुल विफल रही है। पिछले पांच साल में देश में कई आतंकवादी हमले हुए हैं लेकिन मुश्किल से कोई आतंकवाद गिरफ्तार हुआ।"
इससे पहले कोलकाता में भाजपा नेता ने कांग्रेस और वाम दलों के बीच वर्ष 2004 में हुए 'अवसरवादी गठबंधन' की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वाम दलों और कांग्रेस के बीच गठबंधन पूरी तरह अवसरवादी था।
भाजपा की सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के बारे में सोच की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांव में लोगों के पास काम नहीं है और ऐसे में वे शहरों की ओर पलायन करते हैं लेकिन शहर में भी काम नहीं है इस कारण उन्हें झुग्गी झोपड़ियों में रहना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनी तो सभी ग्रामीणों को कम्प्यूटर शिक्षा दी जाएगी। सर्व शिक्षा अभियान के तहत सभी बच्चों को शिक्षा देने का लक्ष्य है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। कम्प्यूटर शिक्षा जरूरी है और यह सभी को मिले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications