स्वाइन फ्लू : भारत में स्वाइन फ्लू नहीं, अमेरिका में पहली मौत (राउंडअप)
गोवा के एपिडेमियोलाजिस्ट राजेंद्र तांबा ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, "यहां स्वाइन फ्लू की वजह से कोई मौत नहीं हुई है। मैं पशुपालन विभाग के सपंर्क में हूं, जिसने इस मामले की जांच की है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।"
इस बीच समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जार्जिया स्थित आपदा नियंत्रण केंद्र (सीडीसी) ने कहा कि मेक्सिको सीमा से लगे अमेरिका के दक्षिण में स्थित टेक्सास प्रांत में 23 महीने की उम्र के एक बच्चे की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है। अमेरिका में अभी तक स्वाइन फ्लू के 64 मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वाइन फ्लू का सबसे बुरा प्रभाव न्यूयार्क पर पड़ा है। यहां अब तक 44 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने स्वाइन फ्लू के खतरों से निपटने के लिए कांग्रेस से 1.5 अरब डॉलर की राशि मुहैया कराने को कहा।
मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री एंजल कोर्दोवा के मुताबिक देश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 159 हो गई है।
इससे पहले मरने वालों की संख्या 152 बताई गई थी। कोर्दोवा ने कहा, अब तक स्वाइन फ्लू के 2498 मामलों की जानकारी मिली है, इनमें से 1311 मरीज अब अस्पताल में हैं।
कनाडा में मंगलवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े सात नए मामलों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही कनाडा में स्वाइन फ्लू की चपेट में आने वालों की संख्या आधिकारिक रूप से 13 हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जिन सात मामलों की पुष्टि हुई है,उनमें टोरंटों में चार, अलबर्टा प्रांत में दो और ब्रिटिश कोलंबिया में एक मामला शामिल है। इसके अतिरिक्त न्यूजीलैंड में 13, स्कॉटलैंड में दो और स्पेन में स्वाइन फ्लू के एक मामले की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications