'ब्रिटिश तमिल प्रदर्शनकारियों को भारत से माफी मांगनी चाहिए'
लंदन, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय मूल के दो अति वरिष्ठ ब्रिटिश सांसदों ने भारतीय उच्चायुक्त कार्यालय के बाहर हिंसक प्रदर्शन करने के लिए श्रीलंकाई तमिल प्रदर्शनकारियों की निंदा की है। सांसदों ने कहा है कि तमिल प्रदर्शनकारियों को इस घटना के लिए भारत से माफी मांगनी चाहिए।
ब्रिटेन की सत्ताधारी लेबर पार्टी से संबद्ध सांसद कीथ बाज और वीरेंद्र शर्मा ने एक संयुक्त बयान में कहा कि उन्हें यह सुन कर गहरा दुख हुआ है कि प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को प्रदर्शन के दौरान भारतीय उच्चायुक्त कार्यालय में जबरन घुस कर उसकी इमारत को क्षति पहुंचाई थी।
बयान में कहा गया है, "यद्यपि श्रीलंका में बिगड़ रहे हालात के कारण लोगों की भावनाएं उबल रही हैं, लेकिन इस तरह की हिंसक कार्रवाई को माफ नहीं किया जा सकता। हम मांग करते हैं कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को माफी मांगनी चाहिए। पुलिस को इस घटना की जांच करनी चाहिए और इन कार्रवाइयों को अंजाम देने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए।"
श्रीलंका में न्याय के लिए तमिल अभियान के समर्थक के रूप में पहचाने जाने वाले दोनों सांसदों ने कहा, "भारत सरकार ने बार-बार श्रीलंका में युद्ध विराम की मांग की है और हमने भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन और इस समस्या के शांतिपूर्ण समाधान के लिए दृढ़ता के साथ मांग की है।"
बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में पांच तमिलों को गिरफ्तार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications