संसद परिसर में खिलौना विमान के उतरने से बजी खतरे की घंटी
रिमोट नियंत्रित यह खिलौना हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11.15 बजे संसद भवन के पश्चिम में स्थित तालकटोरा रोड की ओर से उड़ता हुआ आया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने उसे संसद परिसर में स्थित दिवंगत राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के पास पाया। उसने इस बारे में तत्काल नियंत्रण कक्ष को सूचित किया।
सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल घटना स्थल के लिए एक त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) रवाना किया और खिलौने को जब्त कर लिया।
दिसंबर 2001 में हुए आतंकी हमले के बाद से ही संसद परिसर को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार की घटना में किसी सुरक्षा खामी से इंकार किया है।
एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "गुरुद्वारा रकाब गंज में एक बच्चा खिलौना विमान उड़ा रहा था। विमान से बच्चे का नियंत्रण छूट गया और वह अनियंत्रित होकर संसद परिसर में आ गया। इसमें चिंता करने की कोई बात नहीं है।"
अधिकारी ने कहा, "फिर भी आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।"
उधर नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त शंकर दास ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मेरे पास अभी तक इस मामले में कोई सूचना नहीं है और न तो मुझसे मामले की जांच के लिए ही कहा गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications