कलाम ने समृद्ध भारत का खाका प्रस्तुत किया
कलाम को उनकी मानवता की सेवा के लिए मंगलवार को अमेरिका का प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग पुरस्कार हूवर मेडल प्रदान किया गया।
कोलंबिया युनिवर्सिटी में आयोजित पुरस्कार समारोह में कलाम ने कहा, "एक तरफ तमाम राष्ट्र नागरिकों के विकास के लिए काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसी ताकतें हैं जो चरमपंथ और आतंकवाद के जरिए विकास के रास्ते में रोड़ा अटका रही हैं।"
कलाम पहले ऐसे एशियाई व्यक्ति हैं, जिन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार वर्ष 1930 से अमेरिकन सोसायटी ऑफ मेकेनिकल इंजीनियर्स द्वारा प्रदान किया जाता है।
कलाम ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति हूवर की उस मान्यता को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रत्येक सामाजिक और आर्थिक समस्या का एक तकनीकी समाधान उपस्थित होता है। कलाम ने आगे कहा, "प्रगति के लिए समाज को गतिशील होना है और भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करना है।"
देश की एक अरब आबादी की समृद्धि के बारे में अपने विचारों को साझा करते हुए कलाम ने भारत के ग्रामीण सामाजिक पुनरुत्थान के लिए एक योजना प्रस्तुत की। यह योजना सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में सरकारी और विभिन्न संस्थानों के बीच एक साझेदारी के संपर्क मॉडल पर आधारित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications