नैनो के पश्चिम बंगाल से बाहर जाने के लिए माकपा जिम्मेदार : आडवाणी
उलुबेरिया (पश्चिम बंगाल), 29 अप्रैल (आईएएनएस)। टाटा की नैनो कार परियोजना के पश्चिम बंगाल से बाहर जाने के लिए राज्य की वामपंथी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बुधवार को कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के लिए किसानों की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए।
पश्चिम बंगाल की स्थिति की तुलना गुजरात के साणंद से करते हुए आडवाणी ने कहा, "मेरे गुजरात में कोई समस्या नहीं है। वहां एक भी किसान नाखुश नहीं है। सभी किसान नैनो परियोजना का समर्थन कर रहे हैं। वे नैनो परियोजना के आगमन को सुखद बता रहे हैं।"
हवड़ा जिले की उलुबेरिया लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी राहुल चक्रवर्ती के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे आडवाणी ने कहा, "औद्योगीकरण के लिए किसानों की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए। यदि आप किसानों की उपेक्षा करेंगे तो आपको नुकसान उठाना पड़ेगा। सिंगुर में जो कुछ घटा वह माकपा की गलत नीतियों का परिणाम था।"
अतीत में कम्युनिस्टों द्वारा पश्चिम बंगाल में कंप्यूटरीकरण का विरोध किए जाने का हवाला देते हुए आडवाणी ने कहा, "इसके कारण दक्षिण भारतीय राज्य कंप्यूटरीकरण के मामले में आगे निकल गए और पश्चिम बंगाल पीछे रह गया।"
आडवाणी ने यहां एक बार फिर उम्मीद जाहिर की कि एक न एक दिन अयोध्या में राम मंदिर बन कर रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications