चेन्नई रेल दुर्घटना में 7 की मौत, लालू ने दिए जांच के आदेश (लीड-2)
चेन्नई/ पटना, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई के एक उपनगर व्यासरपदी में बुधवार को यात्री रेलगाड़ी और मालगाड़ी में टक्कर से सात लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी।
दक्षिणी रेलवे के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि तड़के छह बजे से थोड़ा पहले यात्री रेलगाड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी कई तेल टैंकरों को ले जा रही थी। दोनों रेलगाड़ियों के चालकों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि घायलों को चेन्नई के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मृतकों की पहचान होनी अभी बाकी है।
रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने पटना में कहा कि तमिलनाडु में हुई रेल दुर्घटना की जांच कराई जाएगी।
व्यासरपदी स्टेशन के नजदीक रहने वाले एम.एन.सेल्वी ने बताया कि उन्होंने एक जोरदार धमाका सुना। इसके बाद कई डिब्बे आग से घिर गए।
घटना के बाद अरक्कोनम से चेन्नई की ओर जाने वाली सभी स्थानीय और लंबी दूरी की रेलगाड़ियों को रोक दिया गया है। रेल अधिकारियों के अनुसार शाम तीन बजे तक सामान्य रेल संचालन आरंभ होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications