अंतिम समय में प्रत्याशियों ने किया मतदाताओं के घरों का रुख
प्रत्याशी तथा कार्यकर्ता पैदल ही मुहल्लों और घरों में जाकर मतदाताओं से मिल रहे हैं। गिले-शिकवे दूर कर उनसे वोट देने की अपील की जा रही है।
मुंगेर संसदीय क्षेत्र से जनता दल (युनाइटेड) के प्रत्याशी ललन सिंह बुधवार को खुद कई स्थानों पर जाकर लोगों से मिलकर वोट देने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा उनके कार्यकर्ता भी मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। मधेपुरा संसदीय क्षेत्र से जद (यु) प्रत्याशी शरद यादव की अनुपस्थिति में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता मतदाताओं से मिल कर वोट मांग रहे हैं।
सुपौल में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रत्याशी सूर्य नारायण यादव ने खुद मतदाताओं के घरों का रुख किया है। पूर्णिया और बेगूसराय में भी प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाने की सूचना है।
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 11 सीटों के लिए तीसरे चरण में गुरुवार को मतदान होना है। उल्लेखनीय है कि इसके पहले के दो चरणों में बिहार की 26 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो चुका है।
तीसरे चरण में 12 महिला उम्मीदवारों सहित 203 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला एक करोड़ 50 लाख 19 हजार 86 मतदाता करेंगे। इनके लिए 15271 मुख्य मतदान केन्द्रों सहित चार सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
तीसरे चरण में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री तस्लीमुद्दीन, जल संसाधन राज्यमंत्री जय प्रकाश नारायण यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह ,जनता दल (युनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता शहनवाज हुसैन तथा बिहार के पूर्व मंत्री मोनाजिर हसन का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो जाएगा।
महिला प्रत्याशियों में सांसद पप्पूू यादव की पत्नी एवं सांसद रंजीता रंजन तथा पप्पू यादव की मां शांतिप्रिया देवी सहित पूर्व वामपंथी नेता दिवंगत अजीत सरकार की पत्नी माधवी सरकार का राजनीतिक भविष्य भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (इवीएम) में बंद हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications