कर्नाटक:पूर्व प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं के चुनावी भविष्य का निर्णय
इस चरण में राज्य में 11 संसदीय क्षेत्रों में मतदान होगा। इससे पूर्व 17 संसदीय क्षेत्रों में 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है।
पांच मई को 76 वर्ष के होने जा रहे एच.डी.देवगौड़ा पांचवी बार लोकसभा सदस्य बनने के लिए चुनाव मैदान में हैं। वह हासन से जनता दल(सेक्युलर) के प्रत्याशी हैं। उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के के.एच.हनुमे गौड़ा और पूर्व मंत्री कांग्रेस के बी.शिवराम से है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एस.बंगारप्पा, शिमोगा में मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा के पुत्र बी.वाई राघवेंद्र के सामने चुनाव लड़ रहे हैं। व्यापार प्रबंधन स्नातक राघवेंद्र (36 वर्ष) पहली बार लोकसभा के चुनाव मैदान में उतरे हैं।
बंगारप्पा, भाजपा और सपा में कुछ समय बिताने के बाद हाल ही में कांग्रेस में लौटे हैं।
'ऋण मेला मंत्री' के नाम से प्रसिद्ध पूर्व केंद्रीय मंत्री जनार्दन पुजारी दक्षिण कन्नड़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला भाजपा के नलिन कुमार कतिलू और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बी.माधव से है। जद (एस) ने यह सीट माकपा के लिए छोड़ी है। माधव ट्रेड यूनियन नेता हैं।
राज्य भाजपा के प्रमुख डी.वी.सदानंद गौड़ा उडुपी-चिकमंगलूर संसदीय क्षेत्र से पहली बार लोकसभा के लिए चुनाव मैदान में हैं। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के के.जयप्रकाश हेगड़े से है। जे.एच.पटेल के नेतृत्व वाली जनता दल सरकार में हेगड़े मंत्री थे। वह पिछले वर्ष ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications