मैक्सिको में स्वाइन फ़्लू से डेढ़ सौ मरे

मैक्सिको के बाद अमरीका और कनाडा में भी स्वाइन फ़्लू के फैलने की ख़बरों के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी स्तर को चौथी श्रेणी तक बढ़ा दिया है.
संगठन ने चेतावनी दी है कि दुनियाभर के देशों की सरकारों की अब चाहिए कि तेज़ी और गंभीरता से इस बीमारी की रोकथाम के लिए प्रयास करें और आशंकित ख़तरे से निपटने की तैयारी करें.
चेतावनी स्तर के बढ़ाए जाने का मतलब यह है कि अब इस बीमारी का मानव से मानव तक फ़ैलने का ख़तरा पैदा हो गया है. इस तरह यह बीमारी महामारी का रूप ले सकती है. ताज़ा चेतावनी को देखते हुए दुनिया भर में सरकारों ने इस फ़्लू की रोकथाम के लिए तेज़ी से कार्रवाई शुरू कर दी है.
अमरीका, ब्रिटेन ने जहाँ अपने नागरिकों को मैक्सिको की यात्रा पर जाने से बचने की सलाह दी है वहीं जापान ने मैक्सिको के लोगों के लिए वीज़ा नियम कड़े कर दिए हैं.
ताज़ा जानकारी के मुताबिक अमरीका, कनाडा, ब्रिटेन और स्पेन से भी इस फ़्लू के संक्रमण की ख़बरें मिल रही हैं. हालांकि वहाँ ये अभी बहुत प्रारंभिक स्थिति है.
आपात स्थिति
स्पेन में स्वाइन फ़्लू के एक मामले की पुष्टि के बाद यूरोप में स्वास्थ्य मंत्रियों ने आपात बैठक बुलाई है. 'स्वाइन फ़्लू' के कुछ पुष्ट मामलों से पता चला है कि एच1एन1 मनुष्य से मनुष्य में संक्रमित होने वाला नया वायरस है. आमतौर पर इस वायरस से सूअर और पक्षी प्रभावित होते हैं.
फ़िलहाल इस वायरस की रोकथाम के लिए कोई इंजेक्शन नहीं है, लेकिन गंभीर मामलों में इसका इलाज एंटीवायरल उपचार के ज़रिए किया जाता है. लोगों को मास्क पहनकर रहने की सलाह दी गई है.
एंटीवायरल दवाओं का भंडारण किया जा रहा है. साथ ही एशिया, यूरोप और लैटिन अमरीका के देशों में हवाई अड्डों पर यात्रियों की जाँच की जा रही है कि कहीं उनमें फ़्लू के लक्षण तो नहीं हैं.
'स्वाइन फ़्लू' को लेकर मैक्सिको में हड़कंप मचा हुआ है. मैकिस्को की राजधानी में सभी स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ़्तर बंद कर दिए गए हैं और सैकड़ों की तादाद में सरकारी आयोजनों को स्थगित कर दिया गया है.
मैक्सिको के स्वास्थ्य सचिव जोस एंजेल कोरडोवा ने बताया कि देश के अंदर स्वाइन फ़्लू से प्रभावित होने वालों की संख्या बढ़ कर 1614 हो गई है.
धुंधली तस्वीर
अमरीका में 20 लोगों के फ़्लू से प्रभावित होने की पुष्टि हुई है वहाँ स्वास्थ्य सेवाओं को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है. कनाडा में भी छह लोगों के स्वाइन फ़्लू से प्रभावित होने की पुष्टि हुई है. स्पेन में एक व्यक्ति के फ़्लू से प्रभावित होने की पुष्टि हुई है और कम से कम 17 लोगों की जाँच की जा रही है.
मैक्सिको के बाहर के देशों में ज़्यादातर मामलों में लोगों की तबीयत ज्यादा ख़राब नहीं हुई है और वे पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं. न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, ब्रिटेन और इसराइल में ऐसे लोगों के स्वास्थ्य की जाँच की जा रही है जो मैक्सिकी की यात्रा के दौरान बीमार हो गए थे.
दूसरी ओर विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्लूएचओ ने चेतावनी दी है कि अगर बीमारी पर जल्द काबू न पाया गया तो ये महामारी का रूप ले सकती है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस वाइरस से पहुँचने वाले ख़तरे के बारे में पता लगाने के लिए उन्हें वाइरस के बारे में और जानकारी की आवश्यकता है.


Click it and Unblock the Notifications