जनरल मोटर्स: 23 हज़ार लोगों की छटनी

आर्थिक संकट से जूझ रही अमरीकी कार कंपनी, जनरल मोटर्स ने दिवालिया होने से बचने के लिए 23 हज़ार नौकरियों की कटौती का फ़ैसला लिया है. आर्थिक मंदी की मार झेल रही कंपनी ने कहा है कि अगले दो वर्षों में इस कटौती के काम को अंजाम दे दिया जाएगा.
साथ ही कंपनी ने घोषणा की है कि वो अपनी सबसे पुरानी ब्रांड कार, पोंटिएक का निर्माण भी रोकने जा रही है. वर्ष 1926 में सड़कों पर आई इस कार के निर्माण को बंद करने की घोषणा कई कार प्रेमियों को तकलीफ़ देगी. इतना ही नहीं कंपनी की कुल 47 इकाइयों में से 16 इकाइयों पर या तो काम को रोक दिया जाएगा और या फिर उन्हें पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा.
दरअसल, मंदी की मार में कंपनी यह क़दम दिवालिया होने से बचने के लिए उठा रही है. अमरीका की जिन कंपनियों को आर्थिक मंदी की सबसे ज़्यादा चोट लगी है, जनरल मोटर्स उनमें से एक है.
अमरीकी सरकार की ओर से कंपनी को आर्थिक राहत पैकेज से 15 अरब डॉलर से भी ज़्यादा की मदद दी जा चुकी है पर कंपनी की स्थिति अभी भी संभली नज़र नहीं आ रही.
जनरल मोटर्स पिछले 30 वर्षों के दौरान अपने कारोबार के सबसे बुरे दौर से गुज़र रही है और अस्तित्व पर बनते आ रहे संकट से जूझ रही है. अमरीका में अभी कंपनी के पास 61 हज़ार कर्मचारी हैं पर इस कटौती के बाद अमरीका में 40 हज़ार लोग ही कंपनी में नौकरी पर होंगे.


Click it and Unblock the Notifications