तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश में सोनिया सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
इस चरण में सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झ्झांसी, हमीरपुर, फतेहपुर, बहराइच और बाराबंकी संसदीय सीटों पर मतदान होगा।
प्रदेश के 2.23 करोड़ मतदाता इस चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में 28,333 इलेक्ट्रानिक वोटिगि मशीनों के जरिए वोट डाले जाएंगे।
इस चरण में जिन नेताओं पर सबकी नजरें रहेंगी उनमें सोनिया गांधी, लाल जी टंडन, अखिलेश दास गुप्ता, रीता बहुगुणा जोशी, नफीसा अली, पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के पुत्र अजेय सिंह, श्रीप्रकाश जायसवाल और अनु टंडन प्रमुख हैं।
जिन सीटों पर इस चरण में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा उसमें सबसे प्रमुख लखनऊ सीट है। यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की परम्परागत सीट मानी जाती है। इस बार खराब स्वास्थ्य के कारण वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। पार्टी ने उनके करीबी लालजी टंडन को यहां से उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास गुप्ता को मैदान में उतारा, तो कांग्रेस रीता बहुगुणा जोशी को लड़ा रही है। संजय दत्त को अदालत से चुनाव लड़ने की अनुमति न मिलने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली को अपना उम्मीदवार बनाया है।
पिछले कई चुनावों से लखनऊ सीट पर वाजपेयी के कारण एकतरफा मुकाबला होता था। लेकिन इस बार यहां चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
उन्नाव सीट पर कांग्रेस की अनु टंडन, बसपा के अरुण शंकर शुक्ला उर्फ 'अन्ना' और सपा के दीपक कुमार के बीच कांटे की टक्कर है। कानपुर सीट पर भी दमदार लड़ाई देखने को मिल रही है। कांग्रेस के वर्तमान सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल को टक्कर देने के लिए बसपा से सुखदा मिश्रा, भाजपा से सतीश महाना और सपा से सुरेंद्र मोहन अग्रवाल मैदान में हैं।
बहुत बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो रायबरेली संसदीय सीट से सोनिया गांधी का जीतना लगभग तय है। यहां यह देखना दिलचस्प होगा कि वह कितने अंतर से जीत दर्ज करती हैं। उनके खिलाफ बसपा के आर. एस. कुशवाहा और भाजपा के आर. बी. सिंह मैदान में हैं। सपा ने सोनिया के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में पांच चरणों में लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 16 और दूसरे चरण में 17 संसदीय सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण की 15 संसदीय सीटों के लिए 30 अप्रैल को मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रदेश की 80 संसदीय सीटों में से 48 पर मतदान संपन्न हो चुका होगा। चौथे और पांचवें चरण में क्रमश: 18 और 14 सीटों पर मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications