बिहार में तीसरे चरण में 203 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से प्रथम और दूसरे चरण में क्रमश: 13-13 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव हो चुका है। तीसरे चरण में सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका तथा मुंगेर संसदीय क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे।
तीसरे चरण में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री तस्लीमुद्दीन का भाग्य का फैसला किशनगंज के मतदाता करेंगे वहीं जल संसाधन राज्यमंत्री जय प्रकाश नारायण यादव के किस्मत का फैसला बांका के मतदाता के हाथों में होगा। बांका में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा जनता दल (युनाइटेड) के केन्द्रीय अध्यक्ष शरद यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के भी राजनीतिक भविष्य 30 अप्रैल को ईवीएम में बंद हो जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शहनवाज हुसैन तथा बिहार के पूर्व मंत्री मोनाजिर हसन के भाग्य का फैसला भी तीसरे चरण में होगा।
महिला प्रत्याशियों में सांसद पप्पू यादव की पत्नी एवं सांसद रंजीता रंजन उनकी मां शांतिप्रिया देवी सहित दिवंगत वामपंथी नेता अजीत सरकार की पत्नी माधवी सरकार के राजनीतिक भाग्य का फैसला भी मतदाता करेंगे।
तीसरे चरण की 11 सीटों में से पांच सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल का कब्जा है, जबकि चार सीटों पर भाजपा और एक सीट जद (यु) के पास है।
सुरक्षा के मद्देनजर नक्सल प्रभावित तीन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के समय में परिवर्तन किया गया है। बांका संसदीय क्षेत्र के बेलहर और कटोरिया तथा मुंगेर संसदीय क्षेत्र के जमालपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक ही मतदान होगा। शेष सभी क्षेत्रों में सात बजे से पांच बजे तक मतदान किया जाएगा।
अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि के मुताबिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव के पूर्व ही कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि मतदान के दिन उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चुनाव से पूर्व हेलीकाप्टर से भी क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक तीसरे चरण में केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों की 30 कंपनियां तैनात होगी, इसके अलावे सीमा सुरक्षा बल तथा अन्य राज्यों से आए पुलिस के जवानों को मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications