मध्य प्रदेश में 19 करोड़पति और 6 कंगाल चुनाव मैदान में
मध्य प्रदेश के कुल 29 संसदीय क्षेत्रों में से 13 में 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है और 16 क्षेत्रों में 30 अप्रैल को मतदान होने वाला है। इन क्षेत्रों में 231 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनके भाग्य का फैसला दो करोड़ आठ लाख 89 हजार 797 मतदाताओं को करना है। इस चरण में जो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं उनमें 18 करोड़पति हैं। इनमें सबसे ज्यादा 12 कांग्रेस के हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के तीन, और बहुजन समाज पार्टी का एक उम्मीदवार है। इसके अतिरिक्त तीन अन्य उम्मीदवार करोड़पति हैं।
कांग्रेस के इन्दौर से उम्मीदवार सत्यनारायण पटेल प्रदेश के सबसे रईस प्रत्याशी है, जिनके पास 38 करोड़ 75 लाख से अधिक की सम्पत्ति है। वहीं केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं गुना से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास 14 करोड़ 90 लाख से अधिक संपत्ति है। इसके अलावा ग्वालियर से अशोक सिंह, उज्जैन से प्रेमचंद्र गुड्डू, खंडवा से अरूण यादव, रतलाम से कान्तिलाल भूरिया, धार से गजेन्द्र सिंह राजूखेड़ी, खरगोन से बालाराम बच्चन, भिन्ड से डॉ़ भागीरथ प्रसाद, सागर से असलम शेर खान, दमोह से चंद्रभान, और देवास से सज्जन सिंह वर्मा ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके पास करोड़ों की चल-अचल की संपत्ति है।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के 16 उम्मीदवारों में से ग्वालियर से यशोधरा राजे सिंधिया, राजगढ़ से लक्ष्मण सिंह और सागर से भूपेन्द्र सिंह ऐसे प्रत्याशी है जो करोड़पति है। इसके अतिरिक्त मुरैना से बहुजन समाज पार्टी के बलवीर सिंह दंडोतिया ऐसे प्रत्याशी है जिनके पास करोड़ों की सम्पत्ति है।
मध्य प्रदेश इलेक्शन वाच द्वारा जारी किए गए दस्तावेज में बताया गया है कि तीसरे चरण में मध्य प्रदेश के जिन 16 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें छह उम्मीदवार ऐसे है जिनके पास एक रुपया तक नहीं है। सागर से अरविन्द डांगी, सिद्घार्थ अहिरवार व अशोक मिश्रा, दमोह से काशीराम तथा इन्दौर से रामसिंह व एस़ आऱ मंडलोई ऐसे प्रत्याशी हैं जो कंगाल हैं।
मध्य प्रदेश इलेक्शन वाच के समन्वयक डॉ राकेश रंजन ने आईएएनएस को बताया है कि चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे 231 उम्मीदवारों में छह कंगाल के अलावा सात ऐसे भी प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है जिनके पास कुल संपत्ति 10 हजार से ज्यादा की नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications