और फैली स्वाइन फ्लू, मेक्सिको में मरने वालों की संख्या 152 हुई (राउंडअप)
समाचार एजेंसी डीपीए ने जेनेवा से खबर दी है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने एच1एन1 स्वाइन फ्लू के प्रकोप में तेजी के साथ हो रहे विस्तार को देखते हुए महामारी सतर्कता स्तर को चौथे चरण तक बढ़ा दिया है। लेकिन डब्ल्यूएचओ ने यात्रा निषेध के बारे में कोई निर्देश जारी नहीं किया है।
दूसरी ओर समाचार एजेंसी ईएफई ने मेक्सिको में अधिकारियों के हवाले से कहा है कि स्वाइन फ्लू देश के 31 प्रांतो में फैल चुका है। स्वाइन फ्लू के संक्रमण की आशंका में देश के विभिन्न अस्पतालों में 1,995 से अधिक लोगों को भर्ती करवाया गया है।
मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री जोसे एंजेल कोडरेवा ने कहा है विभिन्न अस्पतालों में कई लोगों का इलाज चल रहा है वहीं कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मेक्सिको में सबसे पहले दो अप्रैल को स्वाइन फ्लू का मामला प्रकाश में आया था।
संक्रमण को देखते हुए सरकार ने सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है। सरकार ने मेक्सिको सिटी सहित 32 राज्यों के विद्यालयों को अगले आदेश तक बंद रखने के लिए कहा है।
इधर, मेक्सिको और अन्य देशों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण को देखते हुए गोवा में हवाई अड्डे पर मेक्सिको, ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से आने वाले पर्यटकों के स्वास्थ्य की जांच की योजना बनाई गई है।
डेबोलिम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक डी.पॉल मणिकाम ने आईएएनएस से कहा, "स्वास्थ्य अधिकारियों की सहायता से हवाई अड्डे पर दो जांच केंद्र स्थापित किए जाएंगे।"
मणिकाम ने कहा, "विदेशी पर्यटकों के आने का समय अभी खत्म नहीं हुआ है। गोवा में अभी भी विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं।"
दूसरी ओर कनाडा में स्वाइन फ्लू के छह मामले प्रकाश में आने के बाद मेक्सिको से आने वाले विमानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
कनाडा के आव्रजन मंत्री जैसन कैनी ने कहा कि मेक्सिको से कनाडा आने वाले विमानों पर चौकसी बरती जा रही है।
केनी ने समाचार एजेंसी कनाडियन प्रेस को बताया, "हमने मेक्सिको प्रशासन के साथ मिलकर कनाडाई नागरिकों का स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए प्र्याप्त कदम उठाए हैं।"
उधर, इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी देश में स्वाइन फ्लू के पहले मामले की मंगलवार को पुष्टि की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इजरायल रेडियो ने खबर दी है कि मेक्सिको से लौटे एक 26 वर्षीय व्यक्ति के भीतर स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि नेतन्या में एक अस्पताल में दो दिनों तक चले इलाज के बाद उस व्यक्ति का स्वास्थ्य स्थिर है, लेकिन उसे अन्य रोगियों से अलग नहीं रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications