ज्योतिरादित्य सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
इस चरण में मतदाताओं को केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और ज्योतिरादित्य सिंधिया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, यशोधरा राजे सिंधिया, थावरचंद गहलोत, सत्यनारायण जटिया, लक्ष्मण सिंह और सुमित्रा महाजन जैसे दिग्गजों के भाग्य का फैसला करना है। मतदान की तारीख करीब आने के साथ इन संसदीय क्षेत्रों में उम्मीदवार और उनके कार्यकर्ताओं ने मतदाता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है।
प्रदेश की 29 संसदीय सीटों में से 13 पर 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है। शेष 16 संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिन्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, टीकमगढ, दमोह, राजगढ, देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इन्दौर, खरगोन व खंडवा में 30 अप्रैल को मतदान होना है।
जिन क्षेत्रों में मतदान होना है उनमें से सिर्फ तीन संसदीय क्षेत्र पर कांग्रेस का कब्जा है, शेष भाजपा के प्रभाव क्षेत्र वाले हैं। इस तरह जहां कांग्रेस अपनी संख्या में इजाफा करना चाहती है वहीं भाजपा बढ़त बरकरार रखने के लिए प्रयासरत है।
इन सभी संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस और भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता कई जनसभाएं कर चुके हैं और मंगलवार को भी कई प्रमुख नेताओं की जनसभाएं संभावित है। वहीं उम्मीदवार और उनके कार्यकर्ता दिन और रात एक किए हुए है। इतना ही नहीं मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपने-अपने दलों की खूबियां और विरोधियों की कमियां गिनाने में लगे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications