भारतीय पोत ने सेशेल्स के समीप लूट का प्रयास विफल किया, 9 गिरफ्तार (लीड-1)
एक वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि भारतीय युद्धपोत 'आईएनएस निर्देशक' ने एक फ्रांसीसी और स्पेनी युद्धपोत के साथ मिलकर इटली के यात्री जहाज 'एमएस मेलोडी' के अपहरण का प्रयास कर रहे नौ लोगों को गिरफ्तार किया। यह घटना बाहरी इलाके में भारतीय नौसेना के बढ़ते कदमों का संकेत है।
यह कार्रवाई रविवार को की गई जब एमएस मेलोडी पर उत्तरी सेशेल्स के समीप हमला किया गया।
अधिकारी ने कहा कि फ्रांसीसी सेना से समन्वय के बाद एक चेतक हेलीकाप्टर ने उड़ान भरी, कुछ टोही विमान पहले से ही इलाके में थे। लुटेरों को सेशेल्स के हवाले कर दिया गया है और युद्धपोत अपने गश्ती इलाके में वापस लौट आया है।
हथियारबंद लुटेरों ने शनिवार शाम को 991 यात्रियों और चालक दल के 536 सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे क्रूज जहाज एमएस मेलोडी पर हमला किया था। परंतु जहाज के सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी गोलीबारी करके लुटेरों को वापस जाने को विवश कर दिया।
लुटेरों के हमले से जहाज को मामूली क्षति पहुंची लेकिन किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। यह हमला सेशेल्स से करीब 330 किलोमीटर दूर समुद्र में हुआ।
आईएनएस निर्देशक मूलत: जल सर्वेक्षण करने वाला एक जहाज है। लुटेरों के खिलाफ अभियान के लिए इस पर एक चेतक हेलीकाप्टर और प्रतिरोधी नौकाओं की तैनाती की गई है। इस 40 मिलीमीटर की मध्यम आकार की एक बोफोर्स तोप भी तैनात है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications