क्वात्रोची मामले में सीबीआई का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण : मायावती
लखनऊ में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती ने कहा कि कांग्रेस सीबीआई का दुरूपयोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए करती है। बोफोर्स घोटाले में क्वात्रोची को क्लीन चिट देने के बाद यह एक बार फिर साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री ने सीबीआई के इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा सीबीआई कांग्रेस के हाथ की खिलौना बनकर रह गई है। कांग्रेस सीबीआई का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ करती है। यह बात कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता सार्वजनिक मंच से कह चुके हैं।
मायावती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके ही 1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट दिला दी। इससे साबित होता है सीबीआई कांग्रेस के हाथ की कठपुतली बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि इस सरकार ने शुरुआत से ही उत्तरप्रदेश की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दावा कर रही है कि उसने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए आर्थिक पैकेज दिया है लेकिन यह सरासर झूठ है।
मायावती ने कहा, "हमने केंद्र सरकार से 80,000 करोड़ रूपये के विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की थी जो कई महीने बीतने के बाद आज तक हमें नहीं मिला। इससे उनका दावा खोखला साबित होता है।"
उन्होंने कांग्रेस के दलित प्रेम को फर्जी करार देते हुए कहा कि किसी दलित के घर सोने और खाने से उसकी गरीबी नहीं चली जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications