तीसरे चरण के मतदान के लिए उत्तर प्रदेश में थमा चुनाव प्रचार
तीसरे चरण में सीतापुर, हरदोई, मिसरिख, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर, फतेहपुर, बहराइच और बाराबंकी संसदीय सीटों पर मतदान होगा।
प्रदेश के 2.23 करोड़ मतदाता 28,333 इलेक्ट्रानिक वोटिग मशीनों (ईवीएम) के जरिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
शाम पांच बजे प्रचार थमने के पहले आज दिन भर उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार किया। लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार नफीसा अली ने शहर के कई अलग-अलग इलाकों में पैदल चुनाव प्रचार किया। उनके प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लालजी टंडन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अखलेश दास और कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी ने भी शहर भर जमकर चुनाव प्रचार किया।
रायबरेली से कांग्रेस की प्रत्याशी सोनिया गांधी के लिए उनकी पुत्री प्रियंका गांधी ने आज दिन भर करीब एक दर्जन जन सभाओं को संबोधित किया और उन्हें रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की। साथ ही शानदार जीत की दुआ मांगने के लिए वह रायबरेली के एक गुरुद्वारा में भी गईं और वहां मत्था टेका।
इस चरण में जिन नेताओं पर सबकी नजरें रहेंगी उनमें सोनिया गांधी, लालजी टंडन, अखिलेश दास, रीता बहुगुणा जोशी और नफीसा अली के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के पुत्र अजेय सिंह, श्रीप्रकाश जायसवाल और अनु टंडन प्रमुख हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में पांच चरणों में लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 16 और दूसरे चरण में 17 संसदीय सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण की 15 संसदीय सीटों के लिए 30 अप्रैल को मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रदेश की 80 संसदीय सीटों में से 48 पर मतदान संपन्न हो चुका होगा। चौथे और पांचवें चरण में क्रमश: 18 और 14 सीटों पर मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications