जबलपुर में शिक्षण शुल्क वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन
प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की ही तरह जबलपुर में भी निजी विद्यालयों ने शिक्षण शुल्क में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुस्तकों तथा ड्रेस की बिक्री के लिए कुछ खास दुकानें तय कर दी हैं। इस मनमानी के कारण मंगलवार को अभिभावक सड़क पर उतर आए और उन्होंने प्रदर्शन किया।
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शन मंच के संयोजक जी़ पी़ नाजपान्डे ने बताया कि निजी विद्यालयों ने शुल्क में 200 से 300 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। इतनी अधिक शुल्क वृद्धि के बारे में भी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में पालक शिक्षक संघ भी नहीं हैं।
भाजयुमो के राकेश अग्रवाल ने बताया है कि शुल्क वृद्घि के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले उनके दल के 50 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी हरिरंजन से बात करने की कोशिश की गई लेकिन वह उपलब्ध नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications