चिकित्सकों ने कसाब को बालिग करार दिया (लीड-2)
चिकित्सकों ने विशेष न्यायालय को सौंपी एक चिकित्सकीय रिपोर्ट में में यह बात कही है हालांकि बचाव पक्ष के वकील का कहना है कि रिपोर्ट में गलती होने की संभावना है।
रिपोर्ट के बारे में कसाब के अधिवक्ता एस.जी. अब्बास काजमी ने संवाददाताओं से कहा, "ऐसी रिपोर्ट में गलती की संभावना रहती है। मैं बुधवार को न्यायालय के समक्ष दो चिकित्सकीय विशेषज्ञों को पेश कर यह साबित करने की कोशिश करूंगा।"
विशेष न्यायाधीश एम.एल. ताहिलयानी ने गत शुक्रवार को कसाब की उम्र का पता लगाने के लिए चिकित्सकीय परीक्षण के आदेश दिए थे। विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने संवाददाताओं को बताया कि न्यायाधीश इस बिंदू पर अपना निर्णय बुधवार को देंगे।
कसाब की उम्र की जांच का आदेश उसके इस दावे के बाद दिया गया था जिसमें उसने न्यायालय से कहा था कि वह 18 वर्ष से कम उम्र का है और उसके मामले की सुनवाई किशोर न्यायालय में की जानी चाहिए।
मंगलवार को न्यायालय को सौंपी गई रिपोर्ट मुंबई के सर जे.जे. हॉस्पिटल में किए गए दो अलग अलग परीक्षणों पर आधारित है। यहां डाक्टर नंद कुमार के नेतृत्व में चार चिकित्सकों के एक दल ने उम्र निर्धारण के लिए कसाब के दांतों तथा हड्डियों की जांच की।
चिकित्सकीय परीक्षणों के अलावा मंगलवार को दो अन्य लोगों ने भी न्यायालय में गवाहियां दीं। आर्थर रोड केंद्रीय जेल की अधीक्षक स्वाति साठे ने कहा कि जेल में लाए जाते समय कसाब ने कहा था कि वह 21 वर्ष का है।
गत 27 नवंबर को मुंबई के नायर अस्पताल में कसाब का इलाज करने वाले चिकित्सक राघवन ने न्यायालय को बताया कि कसाब ने उस समय कहा था कि वह 21 वर्ष का है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications