भारी गिरावट के साथ बंद हुए बाजार (राउंडअप)
मंगलवार सुबह हल्की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत करने वाले बाजार कमजोर वैश्विक रुझानों के चलते दिन भर बिकवाली के दबाव में रहे। बीएसई के कमोबेश सभी सेक्टरों में गिरावट आई।
रियल्टी सेक्टर का सूचकांक सर्वाधिक 5.70 फीसदी की गिरावट पर बंद हुआ। धातु खंड का सूचकांक 5.66 फीसदी और बैंकिंग व पूंजीगत वस्तुओं का सूचकांक भी चार से पांच फीसदी की गिरावट पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान डीएलएफ, स्टरलाइट, टाटा स्टील, एचडीएफसी, रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्च र, टाटा मोटर्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' मंगलवार को पिछले बंद के मुकाबले 0.51 अंकों की गिरावट के साथ 11,371.34 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 370.10 अंकों यानी 3.25 फीसदी की गिरावट के साथ 11,001.75 पर था। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 11,375.97 का उच्चतम और 10,961.76 का निम्नतम स्तर छुआ।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक भी आज गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक में 133.57 अंक गिरकर 3,450.71 पर और स्मालकैप सूचकांक 138.82 अंक गिरकर 4,027.14 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' मंगलवार को पिछले बंद के मुकाबले 0.50 अंक गिरकर 3,469.50 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 107.65 अंक लुढ़ककर 3,362.35 पर बंद हुआ। निफ्टी ने आज 3,471.95 के ऊपरी और 3,351.50 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में दिन के कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और यहां 1,008 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई जबकि महज 653 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी का रुख रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications