राष्ट्रवाद को बढ़ाने के लिए रासुका की परवाह नहीं : वरुण
शाहजहांपुर में मंगलवार को भाजपा की एक चुनावी रैली में वरुण ने कहा कि वह राष्ट्रभक्तों को सम्मान दिलाने और राष्ट्रभक्तों के सम्मान के लिए कोई भी लड़ाई लड़ने में पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, "मैं राष्ट्रवाद का झंडा बुलंद करने में पीछे नहीं हटूंगा, इसके लिए चाहे मेरे ऊपर एक नहीं बल्कि चार बार रासुका लगा दिया जाए। मुझे कोई परवाह नहीं है।"
वरुण ने रैली में लोगों से कहा, "मैं गरीबों, किसानों और राष्ट्रभक्तों के सम्मान की रक्षा के लिए जेल गया। आगे भी उनकी लड़ाई लड़ता रहूंगा और उनके सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दूंगा।"
भाजपा के युवा नेता ने मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश की सत्ता में बैठे लोग केवल अपने आप को सम्पन्न बनाने में लगे हैं। गरीबों और किसानों के बारे में कोई नहीं सोचता है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में जितना सरकारी धन मूर्तियां और स्मारक बनवाने में राज्य सरकार खर्च कर रही है, उतने में हजारों युवाओं को रोजगार दिया जा सकता था।
वरुण ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपनी आखिरी सांसे गिन रही है। उसके बारे में वह कुछ नहीं बोलेंगे, क्योंकि उनकी मां कहती हैं कि जो मर रहा हो उसके के बारे में खराब बातें नहीं बोलनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications