क्वोत्रोची मामले में आडवाणी ने की कांग्रेस की आलोचना (लीड-1)
आडवाणी ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पार्टी क्वोत्रोची का नाम सूची से हटा लेना चाहती थी। इस फैसले से स्पष्ट होता है कि कांग्रेस को इस बात का अहसास है कि वह सत्ता में वापस नहीं आ रही है।"
उन्होंने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पार्टी को 1984 में बहुमत मिला था लेकिन बोफोर्स मुद्दे के चलते वह अगले चुनाव में हार गई।"
आडवाणी ने सीबीआई का राजनीतिक दुरुपयोग करने के लिए कांग्रेस की कड़ी निंदा की।
इससे पहले सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष बहल ने नई दिल्ली में कहा कि सीबीआई अपने इस फैसले के बारे में दिल्ली की एक अदालत के एक विशेष जज को अवगत कराएगी। इस मामले की सुनवाई 30 अप्रैल को होनी है।
गौरतलब है कि वर्ष 1987 से यह मामला चल रहा है जिसमें स्वीडिश होवित्जर तोपों की खरीददारी में 64 करोड़ रुपये की दलाली देने का आरोप है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने इसे क्वोत्रोची को कांग्रेस द्वारा दिया गया उपहार बताया है। उन्होंने कहा, "सीबीआई की अपील ने सभी मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। कांग्रेस सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। इसका हमें बेहद दुख है कि देश के आला अधिकारियों का किस प्रकार लगातार दुरुपयोग किया जा रहा है।"
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, " बोफोर्स के मामले में कोई दम नहीं बचा है, भाजपा कई चुनावों में लाभ उठाने के लिए इस मुद्दे को उठा चुकी है। ..क्वोत्रोची के खिलाफ कोई मामला अब संभवत: देश में लंबित नहीं है। इसमें राजनीतिक कुछ भी नहीं है। यह सीबीआई, सरकार और क्वोत्रोची से संबंधित विषय है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications