मेक्सिको सिटी, 28 अप्रैल(आईएएनएस)। मेक्सिको में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौत की दर में कमी से सरकार ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य मंत्री जोस एंजेल कोरडोवा विल्लालोबोस ने इसकी पुष्टि की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संक्रामक बीमारी से मौत की शुरूआती दर काफी अधिक थी, पर अब मृत्यु दर में कमी आ रही है। इससे पता चलता है कि इस बीमारी के संक्रमण का खतरा धीरे-धीरे कम हो रहा है।
शनिवार को इस बीमारी से छह लोगों, रविवार को पांच लोगों और सोमवार को तीन लोगों की मौत हुई। मंत्री ने कहा कि नए मामलों की संख्या में भी कमी आई है।
सोमवार तक कुल 149 लोगों की इन्फ्लुएंजा से मौत हुईं, जिनमें से केवल 26 मौतों के पीछे ही एच1एन1 स्वाइन फ्लू वायरस की भूमिका की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि देश में इस संकट से निपटने के लिए पुख्ता तैयारी की गई है। पूरी निगरानी टीम इस दिशा में सक्रिय है।
देश में ऐहतियात के तौर पर स्कूलों और विश्वविद्यालयों को 6 मई तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। बीमारी के संक्रमण को रोकने के लिए राजधानी में व्यावसायिक गतिविधियों को सीमित करने का फैसला किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications