फिरोज खान ने दुनिया को अलविदा कहा (लीड-1)
कैंसर से जूझ रहे फिरोज ने यहां अपने फार्म हाउस में रविवार देर रात अंतिम सांस ली। फिरोज के छोटे भाई संजय खान ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खान को सोमवार शाम 5.30 बजे जॉनसन मार्केट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
वर्ष 1960 में 'दीदी' से अपना फिल्मी सफर शुरू करने वाले फिरोज ने दर्जनों फिल्मों में काम किया और कई फिल्में निर्देशित भी कीं। लगभग पांच दशक का फिल्मी सफर तय करने वाले फिरोज वर्ष 2007 में अंतिम बार फिल्म 'वेलकम' में पर्दे पर खास अंदाज में नजर आए।
उन्होंने लोकप्रिय फिल्म 'धर्मात्मा' का निर्माण और निर्देशन किया था। इस फिल्म में उन्होंने अभिनय भी किया था। 'धर्मात्मा' बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म थी, जिसकी शूटिंग अफगानिस्तान में हुई थी। उनके पुत्र फरदीन खान बॉलीवुड अभिनेता हैं। उनकी पुत्री का नाम लैला है।
फिरोज खान को फिल्म 'आदमी और इंसान' के लिए फिल्म फेयर अवार्ड मिला था। वैसे 'धर्मात्मा', 'जांबाज', 'कुर्बानी', 'दयावान' जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड में शोहरत दिलाई।
इस सदाबहार अभिनेता को सिनेप्रेमी उनकी खास शैली, अलग अंदाज और अलग-अलग किरदारों के लिए हमेशा याद करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications