'लिट्टे के इलाके पर श्रीलंका सेना की कार्रवाई में तेजी
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार वेबसाइट 'तमिल नेट' ने कहा है कि सेना ने मुल्लइतिवु जिले के मुल्लइविकल क्षेत्र में उत्तर, पश्चिम और दक्षिण से अभियान शुरू कर दिया है।
वेबसाइट के अनुसार सेना ने स्थानीय समयानुसार सोमवार तड़के 3.45 बजे से हमले शुरू किए और क्षेत्र में भारी गोलीबारी की जानकारी मिली है। सैन्य अधिकारियों ने भी लिट्टे के खिलाफ अभियान जारी रखने की पुष्टि की है लेकिन हमेल तेज करने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया नहीं दी।
इससे पहले रविवार को लिट्टे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि एक अभूतपूर्व मानवीय संकट को देखते हुए और संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और अमेरिका, भारत, व अन्य देशों की सरकारों के आग्रह के मद्देनजर वह एकतरफा संघर्षविराम की घोषणा करता है।
जवाब में सरकार ने लिट्टे के एकतरफा युद्धविराम को ठुकरा दिया था। श्रीलंका में राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी मीडिया सेंटर के महानिदेशक लक्ष्मण हलुगले ने कहा था कि सरकार का रूख यह है कि जबतक लिट्टे हथियार डालकर समर्पण नहीं कर देता तबतक कोई संर्घषविराम घोषित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि सरकार अपने रूख पर अडिग है।
इसबीच संयुक्त राष्ट्र की ओर से भेजे गए मानवीय मिशन के प्रमुख जॉन होम्स ने भी युद्ध क्षेत्रों में फंसे नागरिकों को बाहर निकलने में मदद करने के लिए संघर्ष रोकने को कहा है। होम्स सोमवार को श्रीलंका के विदेश मंत्री रोहिता बोगलागामा से भेंट करने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications