..और पर्चा खोजते रहे राहुल गांधी
राहुल बुन्देलखंड के झांसी में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए मंच पर मौजूद नेताओं का स्वागत किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सिलसिलेवार गिनाया लेकिन जैसे ही वह राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) और बुन्देलखंड की स्थिति का जिक्र करने पर आए तो कुछ देर के लिए उनकी आवाज थम सी गई।
दरअसल, राहुल के पास एक पर्चा था जिसमें सारे आंकडे दर्ज थे। वह पर्चा खोजने लगे। पहले उसे अपने कुर्ते की जेबों में तलाशा और फिर इधर-उधर खोजा। उन्होंने कहा भी कि उनका पर्चा खो गया है जिसमें केंद्रीय योजनाओं का लाभ आम आदमी को न मिलने का ब्योरा है। तभी अचानक उन्हें वह पर्चा मिल गया जिसकी उन्हें बेसब्री से तलाश थी।
बस क्या था पर्चा मिलते ही राहुल गांधी ने आंकड़ों के जरिए उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार पर हमले बोलना आरंभ कर दिया। उन्होंने भाजपा की भी जमकर आलोचना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications