सैफई में खर्च पैसे से हो सकता था हजार गांवों का विकास : मायावती
मुलायम के गृह जिले इटावा में सोमवार को एक चुनावी रैली में मायावती ने कहा, "मुलायम ने अकेले अपने गांव सैफई को चमकाने में राज्य सरकार का जितना पैसा खर्च किया उतने में प्रदेश के एक हजार गांवों का विकास किया जा सकता था।"
उन्होंने कहा, "मैं भी चाहती तो मुलायम की तर्ज पर केवल अपने गांव के विकास में सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च कर सकती थी लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर मैंने पूरे प्रदेश का चहुंमुखी विकास करने में ध्यान दिया और पिछड़े गांवों में विकास की योजनाएं शुरू की।"
मायावती ने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम को इस बात का एहसास होना चाहिए कि आज वह जिस जगह पर हैं उस पर सिर्फ समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया का अकेले का योगदान नहीं है। उनके जैसे कई नेताओं को बनाने में दलितों और पिछड़ों के मसीहा बाबासाहब डा. भीम राव अंबेडकर और उन जैसे अन्य नेताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मायावती ने कहा कि यदि मुलायम को इन चिंतकों का सहयोग नहीं मिलता तो आज वह और उनका परिवार किसी जमींदार के यहां जानवर चरा रहा होता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications