पाकिस्तान के परमाणु बम तालिबान के हाथों नहीं लगने वाले : जरदारी
इस्लामाबाद, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सोमवार को भरोसा दिलाया है कि देश के परमाणु हथियार तालिबान के हाथों नहीं लगने वाले। उन्होंने कहा कि देश की परमाणु क्षमता सुरक्षित हाथों में हैं।
समाचार एजेंसी एपीपी ने अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारों के एक समूह के साथ जरदारी की बातचीत के हवाले से कहा है, "मैं दुनिया को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पाकिस्तान की परमाणु क्षमता सुरक्षित हाथों में है।"
पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा को लेकर संभावित खतरे की चर्चाओं को दरकिनार करते हुए जरदारी ने कहा कि परमाणु हथियारों की निगरानी के लिए एक मजबूत कमांड और नियंत्रण प्रणाली तैनात है।
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने शनिवार को पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी।
क्लिंटन ने बगदाद में फॉक्स न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में कहा था, "हमने पाकिस्तान सरकार और वहां की सेना से अपनी एक चिंता जाहिर की है। यदि किसी संयोगवश इस तरह की अकल्पनीय बुरी घटना घटी, और अलकायदा व अन्य चरमवादियों के समर्थन व उकसावे से लगातार आगे बढ़ रहे तालिबान को पाकिस्तान सरकार पछाड़ने में विफल हुई, तो ऐसी स्थिति में पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की चाबी तालिबान के हाथों लग जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications