उतार-चढ़ाव के बीच मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए बाजार (राउंडअप)
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को बीएसई में बैंकिंग एवं उपभोक्ता वस्तुओं को छोड़कर सभी सेक्टरों ने गिरावट में कारोबार किया। बैंकिंग सेक्टर के सूचकांक में 2.41 फीसदी जबकि पूंजीगत वस्तुओं के सूचकांक में 1.57 फीसदी की तेजी आई। पूंजीगत वस्तुओं के सूचकांक में 2.77 फीसदी जबकि रियल्टी सेक्टर के सूचकांक में 2.42 फीसदी की गिरावट आई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले 91.63 अंकों की गिरावट के साथ 11,237.42 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 42.80 अंकों की तेजी के साथ 11,371.85 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 11,492.10 के उच्चतम और 11,176.55 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
हालांकि मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में गिरावट आई। मिडकैप सूचकांक जहां 15.81 अंकों की गिरावट के साथ 3,584.28 पर बंद हुआ वहीं स्मालकैप सूचकांक 41.12 अंक गिरकर 4,068.26 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले 0.55 की तेजी के साथ 3,481.30 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 10.75 अंकों की गिरावट के साथ 3,470.00 पर था। निफ्टी ने आज 3,517.25 के ऊपरी और 3,435.30 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में दिन के कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और यहां सूचीबद्ध कुल कंपनियों में से 1,159 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में इजाफा देखा गया जबकि 1,340 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications