मलेशिया की हिंदू संस्था प्रधानमंत्री से वार्ता को तैयार
कलांग (मलेशिया), 27 अप्रैल (आईएएनएस)। मलेशिया के प्रतिबंधित संगठन हिंदू राइट एक्शन फोर्स (हिंद्राफ) ने कहा है कि भारतीय समुदाय की समस्याओं पर वह प्रधानमंत्री नजीब तुन रजाक से वार्ता करने को तैयार हैं।
लंदन में स्वनिर्वासन में रह रहे हिंद्राफ नेता पी.वैद्यमूर्ति ने कहा कि वह प्रधानमंत्री रजाक से उन समस्याओं पर वार्ता को तैयार हैं, जिनके कारण हिंद्राफ 25 नवंबर 2007 को रैली करने को बाध्य हुआ।
वैद्यमूर्ति के हवाले से समाचार पत्र 'स्टार' ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री और सरकार को भारतीय समुदाय की समस्याओं को दूर करने के उपायों और रास्तों को खोजने के लिए हिंद्राफ और मक्कल शक्ति आंदोलन से वार्ता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंद्राफ और मक्कल शक्ति आंदोलन ने भारतीय समुदाय को प्रभावित करने वाली सामाजिक-आर्थिक समस्याओं पर ईमानदार चर्चा के लिए हमेशा अपने दरवाजे खुले रखे हैं।
ह्रदय शल्य चिकित्सा के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे वैद्यनाथन ने कहा कि एक मलेशिया की नीति की बात करने वाले नजीब को मलेशिया के भारतीयों की समस्याओं को हल करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि नजीब ने तीन अप्रैल को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के दिन ही मेल मिलाप की नीति के तहत हिंद्राफ के दो नेताओं गनबतिरयु और एस.केंगाधरन को रिहा करने का आदेश दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications