अमेरिका और मेक्सिको के बाद अब कनाडा भी स्वाइन लू की चपेट में
टोरंटो, 27 अप्रैल(आईएएनएस)। अमेरिका और मेक्सिको के बाद अब कनाडा में भी खतरनाक बीमारी स्वाइन लू ने पैठ बना ली है। कनाडाई स्वास्थ्य प्रशासन ने देश में इस बीमारी के फैलने की पुष्टि कर दी है।
मेक्सिको में इस बीमारी की चपेट में अब तक 80 लोग अपनी जान खो चुके हैं, वहीं अमेरिका में इस बीमारी के 20 मामले प्रकाश में आए हैं। कैलिफोर्निया, न्यूयार्क, टेक्सास और कंसास में ऐसे मामलों की पुष्टि की गई है। प्रशासन ने हालात से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है। कई देशों ने अपने नागरिकों को मेक्सिको और अमेरिका नहीं जाने की सलाह दी है।
कनाडाई स्वास्थ्य मंत्री लियोना एगलुकाक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मेक्सिको में फैली बीमारी के छह मामलों की पुष्टि कनाडा में भी हुई है। दो मामले ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में प्रकाश में आए हैं, वहीं चार मामले नोवा स्कोटिया प्रांत में प्रकाश में आए हैं। वैसे, उन्होंने यह भी बताया कि ये सभी मामले गंभीर नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "अभी तो मामले प्रकाश में आए ही हैं। आगे क्या होगा, कहा नहीं जा सकता। हमें पूरी तरह मुस्तैद रहना पड़ेगा। ऐसे मामलों में इजाफा होने पर हमारी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।"
कनाडा के मुख्य जन स्वास्थ्य अधिकारी डेविड बटलर-जोन्स ने कहा, "हालात पर हमारी नजर है। अभी से इसकी गंभीरता का पता लगाना कठिन है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications