साबरी भूख हड़ताल पर बैठी

ईरान में क़ैद ईरानी-अमरीकी पत्रकार साबरी ने भूख हड़ताल शुरु कर दी है. उन्हें अमरीका के लिए जासूसी के आरोप में आठ साल की सज़ा सुनाई गई है.
साबरी के पिता ने रेज़ा साबरी ने ये जानकारी दी. उनका कहना है कि रुख़साना ने उन्हें बताया कि वो पिछले पांच दिनों से खाना नहीं खा रही है. रेज़ा ने कहा, मैं काफ़ी चिंतित हूं.
ईरान में तेहरान की एक अदालत ने एक हफ़्ते पहले साबरी को अमरीका के लिए जासूसी करने का दोषी पाया था.
इस फ़ैसले की गूंज दुनिया भर में सुनाई दी. अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने फ़ैसले पर दुख जताया और साबरी की रिहाई के लिए कई जगहों पर रैलियां निकाली गई. ओबामा और साबरी के परिवार का कहना है कि वो अमरीकी जासूस नहीं है.
लेकिन ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि अदालत ने निष्पक्षता से फ़ैसला किया है, इसके बावजूद उनके जो भी अधिकार बनते हैं, उसकी रक्षा होगी.
साबरी ने फ़ैसले के विरोध में अपील की है. ईरानी अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही इस पर निष्पक्ष सुनवाई शुरु होगी. 31 वर्षीय रख़साना साबरी को तेहरान में एक दिन चली गुप्त सुनवाई के बाद आठ साल की सज़ा सुना दी गई थी.


Click it and Unblock the Notifications