सोनिया ने किया मनमोहन का बचाव, कहा सब जानते हैं भाजपा किसके इशारे पर चलती है (लीड-2)
अपने संसदीय क्षेत्र में एक चुनावी रैली में सोनिया ने कहा, "सबको मालूम है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मजबूत विचारों वाले व्यक्ति हैं। वह बिना किसी के इशारे पर खुद फैसले लेते हैं। पूरे देश ने उनकी काबिलियत को देखा है। सभी को पता है कि वह बहुत सक्षम प्रधानमंत्री हैं। उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।"
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता किसी संगठन या खास व्यक्ति के नहीं बल्कि जनता के इशारों पर चलते हैं।
भाजपा पर हमला करते हुए सोनिया ने कहा कि भाजपा खुद के फैसले लेने में नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक संगठन के हाथ की कठपुतली है। बगैर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का नाम लिए उन्होंने कहा, "बिना एक संगठन के इशारे के भाजपा कोई फैसला नहीं ले सकती है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है, जो देश के लिए घातक है। वह भरोसे के लायक नहीं है।
भाजपा द्वारा आतंकवाद के मामले में केंद्र सरकार पर नाकामी का आरोप लगाए जाने पर पलटवार करते हुए सोनिया ने कहा कि हमारी सरकार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान को बेनकाब किया है और उसे यह मनवाने के लिए मजबूर किया कि मुंबई हमले के आरोपी पाकिस्तानी नागरिक थे।
नित्य प्रधानमंत्री पद के कई दावेदारों के नाम आने पर सोनिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिसको देखो वही प्रधानमंत्री बनने की बात करता है। आज यह एक फैशन बन गया है। देश के विकास और आम आदमी के हितों की बात कोई नहीं करता है।
इससे पहले, रायबरेली की जनता को पुराने रिश्तों की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि यहां की धरती से कांग्रेस की कई पीढ़ियों का पुराना रिश्ता रहा है और वह जब भी यहां आती हैं तो उन्हें अपने पति राजीव गांधी की बहुत याद आती है।
सोनिया ने कहा, "रायबरेली के लोगों का कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार से पीढ़ियों का रिश्ता है। यहां की जनता ने पहले फिरोज गांधी को संसद भेजा। उसके बाद इंदिरा गांधी को यहां से चुनकर संसद भेजा और प्रधानमंत्री बनाया। फिर राजीव गांधी और मुझे यहां के लोगों ने पलकों पर बिठाकर प्यार दिया। मैं और मेरा परिवार यहां के लोगों का ताउम्र कर्जदार रहेगा।"
भावुक होकर उन्होंने कहा, "जब मैं रायबरेली आती हूं तो मुझे यहां राजीव जी की बहुत याद आती है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में मैं राजीव जी के साथ अक्सर रायबरेली आती रहती थी। उस दौरान मैं यहां के गांवों और झुग्गी बस्तियों में जाकर लोगों से मिलती थी। आज जब रायबरेली आती हूं तो पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रायबरेली में रेल कोच फैक्टरी, विश्वस्तरीय पैट्रोलियम संस्थान और फैशन इंस्टीट्यूट का निर्माण जैसे अनगिनत विकास के काम हुए हैं। उन्होंने कहा, "मैं आप लोगों से विकास के लिए समर्थन मांगती हूं और आपसे वादा करती हूं कि मैं आगे भी इसी तर्ज पर रायबरेली का विकास करती रहूंगी।"
कांग्रेस महासचिव और बेटे राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में हुए कम मतदान को देखते हुए सोनिया ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के मतदाताओं से घरों से निकलकर अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications