परिसीमन ने बदल दिया दक्षिण दिल्ली सीट का गणित
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। एक समय प्रसिद्ध और धनाढ्य लोगों का संसदीय क्षेत्र होने का दर्जा रखने वाली दक्षिण दिल्ली सीट में परिसीमन के बाद इसकी अनेक पॉश कालोनियों के नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में चले जाने के बाद यहां गांवों और झुग्गियों का प्रभुत्व हो गया है जिसने जातिगत राजनीति को जन्म दे दिया है।
दक्षिण दिल्ली सीट में अब बिजवासन, पालम, महरौली, छतरपुर, देवली, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालका जी, बदरपुर और तुगलकाबाद जैसे क्षेत्र प्रमुख हैं।
इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रमेश विधूड़ी और कांग्रेस ने रमेश कुमार को टिकट दिया है और टिकटों का यह बंटवारा इस परिवर्तन को भलीभांति परिलक्षित करता है।
मौजूदा सांसद और भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने इस बार चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। भाजपा ने उनकी जगह विधूड़ी को चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार रमेश कुमार बाहरी दिल्ली से पार्टी के मौजूदा सांसद सज्जन कुमार के भाई हैं जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कंवल सिंह तंवर को अपना उम्मीदवार बनाया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को क्षेत्र में 36.1 फीसदी मत मिले थे और उसने 10 में से पांच विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की थी जबकि भाजपा को 31.5 फीसदी मतों के साथ चार सीटें मिली थीं। बसपा ने उन चुनावों में 24.5 फीसदी मत हासिल करने के साथ एक विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications