खिलौना बम के पीछे तालिबान : रहमान मलिक (लीड-2)
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने जियो टीवी से कहा कि तालिबान ने इस बम को रखा था। इससे उनका वास्तविक चेहरा सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि लोग ऐसी कायरतापूर्ण कार्रवाई को सहन नहीं करेंगे।
मलिक ने जोर दिया कि ऐसी घटनाओं के कारण सरकार कठोर कदम उठाने को बाध्य होगी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत के निचले दीर जिले में लड़कियों के एक प्राथमिक स्कूल के बाहर फुटबाल के आकार के एक बम को फुटबाल समझकर उससे खेलने का प्रयास करने वाले 13 बच्चों की मौत हुई थी। मृतकों की उम्र चार से 12 वर्ष के बीच थी।
गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के विशेष निर्देश पर मामले की जांच खासकर इस कोण से की जाएगी कि कहीं बच्चों की हत्या उनके परिवार के लोगों के उन्हें मानव बम बनाने से इंकार करने के कारण तो नहीं की गई।
उधर, पाकिस्तान के कबायली इलाके में रविवार को एक ग्रेनेड विस्फोट में एक दंपत्ति और उनके चार बच्चों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार उत्तरी वजीरिस्तान के दाता खेल इलाके में एक परिवार के 10 सदस्यों को ले जा रहे मिनी ट्रक में हुए विस्फोट से यह हादसा हुआ।
स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी नजीर खान ने बताया कि परिवार के मुखिया, उसकी पत्नी और चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हो गए और उनको मीरानशाह के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि ग्रेनेड वाहन में रखा था या फिर वाहन पर उसे फेंका गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications