नाम का नहीं काम का गांधी हूं : वरुण गांधी
फतेहपुर के खागा में भाजपा की एक चुनावी रैली में वरुण गांधी ने कहा, "मैं अगले तीन साल तक प्रदेश में जी तोड़ मेहनत करूंगा। हवा-हवाई तरीके से काम न करके मैं प्रदेश की हर तहसील, हर गांव में जाऊंगा और राष्ट्रवादियों, गरीबों और किसानों के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि हर राष्ट्रवादी को सम्मान मिले, हर गरीब को स्वास्थ्य सेवाएं मिले और हर गरीब के बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले।"
वरुण ने कहा कि लोग उन्हें नाम के गांधी के रूप में नहीं बल्कि काम के गांधी के तौर पर जानें। उन्होंने जोर दिया कि वह नाम के गांधी नहीं बल्कि काम के गांधी है और वह कभी अपने परिवार का नाम नहीं भुनाएंगे।
भाजपा के युवा नेता ने जोर देकर कहा कि वह उत्तर प्रदेश में फिर से राष्ट्रवाद को जिंदा करेंगे। इसके लिए उन्हें चाहे कोई भी कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राष्ट्रवादियों के हाथ में राज्य की सत्ता होगी।
वरुण ने विपक्षी दलों को नसीहत देते हुए कहा कि अब वे जातिगत व्यवस्था से ऊपर उठकर सोचें। उन्होंने लोगों से जाति से उठकर राष्ट्रवाद और विकास की बात करने वालों को अपना वोट देने की अपील की। वरुण ने लोगों से घर से निकल भारी संख्या में मतदान करने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications