तालिबान से हथियार डलवाने के लिए धार्मिक समूह से बात कर रहा पाकिस्तान
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने रविवार को कहा कि उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत की सरकार और तहरीक-ए-नफाज-ए-शरीयत-ए-मुहम्मदी (टीएनएसएम) स्वात घाटी में तालिबान के हथियार डालने और आम माफी पर चर्चा कर रहे हैं।
अखबार ने वार्ता में शामिल सूत्रों के हवाले से कहा कि टीएनएसएम 200 कैद तालिबानी आतंकवादियों की रिहाई चाहते हैं। इसके साथ ही संगठन ने स्वात में तालिबान से हथियार डालने की एक सामूहिक अपील जारी करने की इच्छा जाहिर की है।
तालिबान को हथियार विहीन करने के बड़े उद्देश्य को हासिल करने के लिए अपील के अंतिम मसौदे पर चर्चा चल रही है।
सूत्रों ने द न्यूज को बताया कि एक बार मसौदे पर सहमति के बाद इस पर सूफी मुहम्मद सहित टीएनएसएम के चार-पांच शीर्ष मौलानाओं के हस्ताक्षर होंगे। अपील में ताबिलान से हथियार डालने, कानून का सम्मान करने और स्वात तथा मलकंद डिविजन में कानून-व्यवस्था बहाल करने में सरकार की मदद करने की अपील की जाएगी।
एक बार अपील जारी होने के तालिबान लड़ाकों को काजी के समक्ष हथियार डालना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications