लैटिन अमेरिकन डिफेंस एक्सपो में ब्रह्मोस बनी आकर्षण का केंद्र
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और रूस का संयुक्त सैन्य उत्पाद सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल ने हाल ही में ब्राजील में संपन्न हुए लैटिन अमेरिकन डिफेंस एक्सपो में कई देशों का ध्यान आकर्षित किया और कम से कम तीन देशों ने इसे खरीदने में गहरी रुचि दिखाई।
रियो डी जनेरियो में 14 से 17 अप्रैल तक आयोजित इस रक्षा मेले में ब्राजील, चिली और दक्षिण अफ्रीका ने गहरी रुचि दिखाई।
ब्रह्मोस एयरोस्पेस लिमिटेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "ब्राजील, चिली और दक्षिण अफ्रीका ने मिसाइल के सतह और समुद्र से छोड़े जा सकने वाले मॉडलों में रुचि दिखाई है।"
भारत ने मेले में 29 मार्च का हुए ब्रह्मोस के सफल परीक्षण का वीडियो फुटेज दिखाया। इस दौरान ब्राजील के रक्षा मंत्री, दक्षिण अफ्रीका के सेना प्रमुख और चिली के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने मिसाइल के बारे में और जानकारी चाही।
उल्लेखनीय है कि इस मिसाइल का नाम ब्रह्मपुत्र और मोस्कवा नदियों के नाम पर रखा गया है और यह 300 किलोग्राम हथियारों के साथ 300 किलोमीटर की रेंज में मार कर सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications