हरियाणा में भाजपा नेता के परिजनों के अपहर्ताओं को पकड़ने के लिए छापे
पंचकुला के पुलिस अधीक्षक अमिताभ ढिल्लों ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "हमें टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी से आरोपियों की तस्वीरें मिल गई हैं। हमने इसके लिए विशेष पुलिस टीमें बनाई हैं जो हिमाचल प्रदेश और पंजाब में जगह जगह छापे मार रही हैं।"
उन्होंने उम्मीद जताई कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ढिल्लों ने कहा कि आरोपी किसी पेशेवर गिरोह के सदस्य लगते हैं लेकिन जांच के चलते अभी उनका नाम नहीं लिया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के पंचकुला जिलाध्यक्ष शामलाल सचदेव की पत्नी, उनके बेटे संजीव और पोते का शनिवार को उस समय अपहरण कर लिया गया था जब वह अपनी मर्सीडीज बेंज कार में दिल्ली से पंचकुला लौट रहे थे।
संजीव ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "एक होंडा सीआरवी में तीन युवा सवार थे जिनमें से एक ने मुझसे कहा कि मेरा पिछला टायर शायद पंक्च र हो गया है। मैं जब यह देखने उतरा तो एक ने मेरे सिर पर पिस्तौल टिका दी और दो मेरी कार में बैठ गए। उन्होंने मुझसे 10 लाख रुपये मांगे और जान से मारने की धमकी दी।"
अपहरणकर्ता उनके साथ उनके घर तक गए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। किराएदार वातू द्वारा शोर मचाए जाने के बाद खतरा भांपकर वे गोलियां चलाते हुए भाग निकले।
वे अपने साथ मर्सीडीज कार, एक लैपटॉप और 20,000 रुपये नकद ले गए। बाद में कार हिमाचल प्रदेश के बड्डी कस्बे के निकट बरामद हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications