धमाके में 11 बच्चों की मौत

मरने वालों में एक ही परिवार के आठ बच्चे हैं. एक पुलिस अधिकारी बाचा ख़िताब ने बीबीसी को बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ ख़ान बांडा इलाक़े में एक घर के अंदर बम फटा है.
इस धमाके में कई बच्चों की मौत हो गई है और कई घायल हैं. उनके अनुसार घटनास्थल पर पहुँचकर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी शाहिद जहाँनुल हक़ ने बीबीसी को बताया कि बम धमाके में 11 बच्चों की मौत हुई है और छह घायल हैं.
घटना
उनके अनुसार मरने वाले बच्चों की उम्र 12 साल से कम है. घटना के बारे में उनका कहना था कि उनके गाँव में एक नाले के किनारे गर्ल्स प्राइमरी स्कूल है, जहाँ पर बच्चे खेल रहे थे.
इस दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें यह कहकर एक बम पकड़ा दिया कि ये एक खिलौना है. उन्होंने आगे बताया कि बच्चे बम लेकर घर आए और इकट्ठा होकर खेल रहे थे कि इस दौरान ज़ोरदार धमाका हो गया.
उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना की जानकारी दे दी गई है लेकिन अभी तक पुलिस मौक़े पर नहीं पहुँच पाई है.
जहाँनुल हक़ के मुताबिक़ घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में कुछ बच्चों की हालत गंभीर है.
इस इलाक़े में आए दिन चरमपंथी घटनाएँ होती रहती हैं.


Click it and Unblock the Notifications