एएनसी को दो तिहाई बहुमत नहीं

संविधान में संशोधन के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है. चुनाव आयोग के मुताबिक़ एएनसी को क़रीब 65 प्रतिशत मत मिले हैं.
पार्टी को वेस्टर्न केप प्रांत में भारी नुक़सान भी उठाना पड़ा है. यहाँ पार्टी ने अपना नियंत्रण खो दिया है. इस प्रांत में जीत मिली है विपक्षी डेमोक्रेटिक एलायंस को.
एएनसी की जीत के बाद पार्टी नेता जैकब ज़ूमा के राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ़ हो गया है. वे अगले महीने शपथ ले सकते हैं.
ज़ूमा राष्ट्रपति?
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक़ एएनसी को 65.9 प्रतिशत, डेमोक्रेटिक एलायंस को 16.66 प्रतिशत और कांग्रेस ऑफ़ द पीपुल (कोप) को 7.42 प्रतिशत मत मिले.
आख़िरी नतीजा आने से पहले ही एएनसी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था. दूसरी ओर डेमोक्रेटिक एलायंस की नेता हेलेन ज़िले का केप टाउन में भव्य स्वागत हुआ है.
पार्टी का दावा है कि वह अन्य दलों के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश करेगी. लेकिन जानकारों का कहना है कि कांग्रेस ऑफ़ द पीपुल के साथ यह संभव नहीं दिखता.
कोप का गठन पूर्व राष्ट्रपति थाबो एम्बेकी के समर्थकों ने किया था. एम्बेकी सत्ता के संघर्ष में जैकब ज़ूमा से हार गए थे.


Click it and Unblock the Notifications