पाकिस्तान में जारी तनाव के लिए अमेरिका भी दोषी: हिलेरी
वाशिंगटन, 25 अप्रैल(आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान में जारी तनाव के लिए अमेरिका भी जिम्मेवार है। उन्होंने संसद की आवंटन समिति के समक्ष अपनी पेशी के दौरान यह कहा।
'जियो टीवी' के मुताबिक हिलेरी ने कहा कि अफगानिस्तान में सोवियत संघ की सैन्य उपस्थिति की काट के तौर पर अमेरिका ने जो नीति अपनाई थी उसका नतीजा आतंकवाद के उभार के तौर पर निकला।
उन्होंने कहा, "अमेरिका ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादियों की मदद अफगानिस्तान में सोवियत संघ के खिलाफ ली। अमेरिका के उस छद्म युद्घ से आतंकवादियों की फौज बड़ी हुई। आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान में जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए हम भी जिम्मेवार हैं। पाकिस्तान में अपनी सुविधा के मुताबिक दखल का हमारा इतिहास पुराना रहा है। आज पाकिस्तान के लोग जिन तत्वों से जूझ रहे हैं, उन्हें कभी हमने मदद दी थी। उन्हें हम अतीत में शह दे चुके हैं। हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हम सोवियत संघ के साथ उलझे हुए थे।"
उन्होंने इतिहास को खंगालते हुए कहा कि सोवियत संघ ने तब अफगानिस्तान पर हमला कर मध्य एशिया की ओर बढ़ने की मंशा जाहिर की थी, पर हम उसे ऐसा करना देना नहीं चाहते थे। तब राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने कांग्रेस की सहमति से आईएसआई और पाक फौज की मदद से मुजाहिदीन की फौज खड़ी करने की योजना पर अमल शुरू किया। आज उसका परिणाम हम भी भुगत रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications