भारत की बजाए आतंकवाद पर ध्यान केंद्रित करे पाकिस्तान: अमेरिका
वाशिंगटन, 25 अप्रैल(आईएएनएस)। अमेरिका का एक जनरल ने कहा है कि अलकायदा एवं तालिबान पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए पहले से भी कहीं ज्यादा बड़ा खतरा बन गए हैं और पाकिस्तान को चाहिए कि वह भारत की बजाए आतंकवाद से निपटने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करे।
अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल डेविड एच़प्रिटॉस ने शुक्रवार को एक अमेरिकी संसदीय समिति के समक्ष अपनी पेशी के दौरान कहा, "पाकिस्तान के लिए यह जरूरी हो गया है कि वह आतंकवाद से निपटने की अपनी रणनीति में आमूलचूल बदलाव लाए। पाक का हित इसी में है कि वह अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी भारत से निपटने की बजाए आतंकवाद से पूरी मजबूती के साथ निपटने पर ध्यान केंद्रित करे।"
साथ ही उन्होंने पाकिस्तान को शेष वित्त वर्ष 2009 के लिए पाकिस्तान काउंटरइनसरजेंसी कैपेबिलिटीज फंड के तहत 40 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता दिए जाने का अनुरोध किया। संसद की मंजूरी के बाद यह राशि सीधे सेना की केंद्रीय कमान द्वारा जारी की जाती है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान की सेना ने कई कबायली इलाकों में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है, पर इस दिशा में काफी कुछ किए जाने की जरूरत है।" उन्होंने सदन की आवंटन समिति के समक्ष पेशी के दौरान यह कहा। उन्होंने इसका जिक्र किया कि बुनेर में फ्रंटियर कॉप्स फोर्सेस के दखल के बाद तालिबान का पीछे हटना पाकिस्तान के लिए शुभ संकेत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications