अमेरिका का उत्तर कोरिया से पत्रकारों की रिहाई का अनुरोध
वाशिंगटन, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका ने उत्तर कोरिया से उसके यहां बंदी बनाई गई दो अमेरिकी महिला पत्रकारों को रिहा करने का अनुरोध किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता राबर्ट वुड ने बताया, "हम लगातार उत्तर कोरियाई सरकार से दोनों पत्रकारों को रिहा करने का आग्रह करते रहेंगे ताकि वे अपने परिवारों के पास लौट सकें।"
उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को कहा कि कोरियाई मूल की अमेरिकी पत्रकार इयूना ली और चीनी मूल की अमेरिकी पत्रकार लॉरा लिंग पर चीन से सटी सीमा से गैर कानूनी रूप से देश में दाखिल होने और शत्रुतापूर्ण गतिविधियों चलाने के आरोप में मुकदमा चलाया जाएगा।
इन दोनों पत्रकारों को गत 17 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। वे दोनों एक टीवी चैनल के लिए काम करती हैं जो अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति अल गोर से संबद्ध है।
अमेरिका स्वीडन के प्योंगयोंग स्थित दूतावास के माध्यम से उनकी रिहाई का प्रयास कर रहा है। अमेरिका और उत्तर कोरिया के औपचारिक कूटनीतिक रिश्ते नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications