भाजपा एक संगठन के हाथ की कठपुतली : सोनिया (लीड-1)
रायबरेली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को खुद फैसले लेने में नाकाम करार देने पर एक बार फिर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का नाम लिए बिना ही कहा कि दुनिया को पता है कि भाजपा एक संगठन के इशारे पर काम करती है।
अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में शनिवार को एक चुनावी रैली में सोनिया ने कहा, "सबको मालूम है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मजबूत विचारों वाले व्यक्ति हैं। वह बिना किसी के इशारे पर खुद फैसले लेते हैं। पूरे देश ने उनकी काबिलियत को देखा है। सभी को पता है कि वह बहुत सक्षम प्रधानमंत्री हैं। उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।"
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता किसी संगठन या खास व्यक्ति के नहीं बल्कि जनता के इशारों पर चलते हैं।
भाजपा पर हमला करते हुए सोनिया ने कहा कि भाजपा खुद के फैसले लेने में नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक संगठन के हाथ की कठपुतली है। बगैर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का नाम लिए उन्होंने कहा, "बिना एक संगठन के इशारे के भाजपा कोई फैसला नहीं ले सकती है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है, जो देश के लिए घातक है। वह भरोसे के लायक नहीं है।
भाजपा द्वारा आतंकवाद के मामले में केंद्र सरकार पर नाकामी का आरोप लगाए जाने पर पलटवार करते हुए सोनिया ने कहा कि हमारी सरकार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान को बेनकाब किया है और उसे यह मनवाने के लिए मजबूर किया कि मुंबई हमले के आरोपी पाकिस्तानी नागरिक थे।
नित्य प्रधानमंत्री पद के कई दावेदारों के नाम आने पर सोनिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिसको देखो वही प्रधानमंत्री बनने की बात करता है। आज यह एक फैशन बन गया है। देश के विकास और आम आदमी के हितों की बात कोई नहीं करता है।
सोनिया ने कहा कि आज के हालात में देश और देश की जनता को कांग्रेस की जरूरत है। गैर कांग्रेसी सरकारें देश और प्रदेश के खिलाफ काम करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications