राहुल को अभी और प्रशिक्षण की जरूरत : बुद्धदेव
कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को देश के अग्रिम पंक्ति के नेताओं में शुमार होने के लिए अभी और अध्ययन, ज्ञान और प्रशिक्षण हासिल करने की जरूरत है।
भट्टाचार्य ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के साथ बातचीत में कहा, "राहुल गांधी राजनीति में नए हैं। उन्हें कुछ और ज्ञान, अध्ययन और प्रशिक्षण की जरूरत है।"
मुख्यमंत्री गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की तुलना उड़ीसा के पिछड़े जिले कालाहांडी से की थी।
भट्टाचार्य ने कहा कि गांधी को इस तरह की टिप्पणी करने के पहले दोनों क्षेत्रों का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए।
भट्टाचार्य ने कहा, "काला हांडी कहां है, वहां के लोगों की जीवनशैली क्या है, वहां के लोगों की प्रति व्यक्ति आमदनी कितनी है? पुरुलिया की आर्थिक स्थिति और वहां के लोगों की प्रति व्यक्ति आमदनी कितनी है? उन्हें दोनों क्षेत्रों के आंकड़ों को जानने और उनका तुलनात्मक अध्ययन करने के बाद ही टिप्पणी करनी चाहिए।"
इससे पहले दिन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिले पुरुलिया की तुलना उड़ीसा के पिछड़े जिले कालाहांडी और उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र से की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications